Vaishno Devi Mandir Ubeshwarji Udaipur, इसमें उदयपुर के पास उबेश्वरजी में उबेश्वर महादेव मंदिर के पास वैष्णो देवी के गुफा मंदिर के बारे में जानकारी है।
उदयपुर शहर से लगभग 21 किलोमीटर दूर उबेश्वर महादेव का पवित्र धाम स्थित है। इस स्थान पर उबेश्वर महादेव के मंदिर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर माता वैष्णो देवी का धाम स्थित है।
यह स्थान भी उबेश्वर महादेव के मंदिर की तरह काफी प्राचीन बताया जाता है। इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पवित्र गुफा है। यह मंदिर उदयपुर का एक मात्र मंदिर है जो पहाड़ के काफी अन्दर गुफा में बना हुआ है।
मंदिर में प्रवेश करने के लिए हमें संकरे रास्ते से गुजरने के पश्चात गुफा के प्रवेश द्वार में जाना होता है। इस प्रवेश द्वार पर भगवान गणेश मौजूद है।
गुफा की कुल लम्बाई लगभग 150 फीट बताई जाती है। गुफा के मध्य भाग में यह थोड़ी चौड़ी हो जाती है जिसमें एक तरफ माता वैष्णो देवी विराजित है।
आगे बढ़ते रहने पर गुफा से बाहर निकलने का रास्ता आता है। यहाँ से हम मंदिर के बाहर आ जाते हैं।
यहाँ से गुफा के ऊपरी पहाड़ी पर बने हुए मंदिर तक जाने के लिए सीढ़ियाँ बनी हुई है। ऊपर खुली जगह में माता वैष्णों देवी सिंह की सवारी की मुद्रा में विराजित है।
यह मंदिर आस पास के पहाड़ों में सबसे ऊपरी जगह पर स्थित प्रतीत होता है। यहाँ से काफी दूर-दूर के दृश्य दिखाई देते हैं। उदयपुर का सज्जनगढ़ पैलेस भी दिखाई देता है।
बारिश के मौसम में यह सम्पूर्ण क्षेत्र बड़ा मनमोहक हो जाता है। माता वैष्णो देवी का यह मंदिर भी जम्मू में मौजूद वैष्णों देवी के मंदिर जैसा अहसास करवाता है।
मंदिर की स्थापना कई वर्षों के कठिन परिश्रम एवं देवी के आशीर्वाद से पूर्ण हुई। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 18 अप्रैल 2005 को श्री श्री 1008 रामदासजी महाराज मौनी दाता के सानिध्य में की गई थी।
उस समय स्थापना के लिए जम्मू स्थित वैष्णो देवी के मंदिर से ज्योत लाई गई। ये अखंड ज्योति तब से निरंतर प्रज्वलित है। अब मंदिर की देख रेख वैष्णो देवी विकास समिति द्वारा की जाती है।
मंदिर के सामने ही आशीर्वाद की मुद्रा में एक संत की प्रतिमा लगी हुई है। यह प्रतिमा संभवतः माता के मंदिर के संस्थापक रामदासजी महाराज की है।
अगर आप धार्मिक स्थलों के साथ-साथ प्राकृतिक स्थलों के भ्रमण के शौक़ीन है तो आपको उबेश्वर महादेव के मंदिर के साथ-साथ यहाँ भी आना चाहिए।
वैष्णो देवी माता गुफा मंदिर की मैप लोकेशन - Map Location of Vaishno Devi Mandir
वैष्णो देवी माता गुफा मंदिर का वीडियो - Video of Vaishno Devi Mandir
डिस्क्लेमर (Disclaimer)
इस लेख में शैक्षिक उद्देश्य के लिए दी गई जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों से ली गई है जिनकी सटीकता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। आलेख की जानकारी को पाठक महज सूचना के तहत ही लें क्योंकि इसे आपको केवल जागरूक करने के उद्देश्य से लिखा गया है। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।
Tags:
MandirShala
